सपा प्रमुख का गौशालाओं पर बयान भारतीय संस्कृति पर कुठाराघात: भाजपा प्रदेश अध्यक्ष
पुनीत संदेश/अंकित राठौड़
लखनऊ, 27 मार्च 2025 । भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष भूपेन्द्र सिंह चौधरी ने समाजवादी पार्टी (सपा) प्रमुख अखिलेश यादव के गौशालाओं पर दिए गए बयान को भारतीय सांस्कृतिक आस्था और परंपरा पर कुठाराघात बताया है। उन्होंने कहा कि भारतीय दर्शन की आत्मा में सवै भूमि गोपाल की निहित है, जो संपूर्ण पृथ्वी को ही गोपालक प्रभु की भूमि मानता है।
श्री चौधरी ने कहा कि गौशालाओं की दुर्गंध से व्याख्या करने वाले अखिलेश यादव अगर अपने पूर्वजों से ही सीख लेते, तो गाय माता के प्रति उनके विचार ऐसे नहीं होते। उन्होंने विपक्षी दलों पर मुस्लिम तुष्टिकरण की राजनीति करने का आरोप लगाते हुए कहा कि इसके लिए ये दल सनातन धर्म, भारतीय महानायकों और आस्था पर हमले कर रहे हैं।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि गोपालक वंश में जन्मे अखिलेश यादव को अगर थोड़ा भी बोध होता, तो जिस गाय माता का दूध पीकर वे बड़े हुए हैं, उसी के प्रति अपमानजनक बयान नहीं देते। उन्होंने अखिलेश यादव के बयान को करोड़ों हिंदुओं की आस्था और गोपालक समाज का अपमान करार दिया।
उन्होंने कहा कि हिंदुत्व विरोध के ब्रांड एंबेसडर बन चुके अखिलेश यादव को धर्मानुरागी जनता आगामी चुनावों में जवाब देगी।
Created On: March 28, 2025