रायबरेली जेल में एक और बंदी की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत
परिजनों ने जेल प्रशासन पर लगाया उपचार में लापरवाही का आरोप
मृतक बंदी के पिता ने दर्ज कराया मुकदमा
पुनीत संदेश
लखनऊ। रायबरेली जिला जेल में एक और विचाराधीन बंदी की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। इस सनसनीखेज घटना ने प्रशासन में हड़कंप मच गया। जेल में बंद 35 वर्षीय बंदी बसंत लाल चौहान की अचानक तबीयत बिगड़ने के बाद उसकी मौत हो गई। बसंत लाल गैर इरादतन हत्या के एक मामले में 12 जुलाई 2024 से जिला कारागार में बंद था।
मिली जानकारी के मुताबिक बीते शुक्रवार की रात बंदी बसंत लाल की तबीयत अचानक खराब होने की सूचना जेल प्रशासन को मिली। पहले उसे उपचार के लिए जेल अस्पताल भेजा गया। जहां उसकी हालत और बिगड़ गई। इसके बाद उसे जिला अस्पताल ले जाया गया। जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। इस घटना ने जेल प्रशासन में खलबली मचा दी।
मृतक बंदी के पिता रामदास चौहान ने उपचार में लापरवाही का आरोप लगाते हुए कोतवाली नगर थाने में मुकदमा दर्ज कराया। पुलिस ने सुसंगत धाराओं में मामला दर्ज किया है। प्रारंभिक जांच में बंदी की मौत का कारण स्पष्ट नहीं हो सका है।
जेल प्रशासन के अधिकारियों ने बताया कि बंदी की तबियत बिगड़ने की सूचना मिलते ही तत्काल चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराई गई, लेकिन उसे बचाया नहीं जा सका। इस घटना ने जेल में बंदियों की सुरक्षा और स्वास्थ्य सुविधाओं पर सवाल खड़े कर दिए हैं। उल्लेखनीय है कि बीते दिनों इस जेल में एक विचाराधीन बंदी ने पेड़ पर लटकर जान दे दी थी। इस मामले में छोटे कर्मियों पर कार्यवाही कर मामले को रफा दफा कर दिया। घटना को लेकर स्थानीय लोगों और मृतक के परिजनों में खासा आक्रोश व्याप्त है।
पुलिस अधीक्षक ने मामले की गहन जांच के आदेश दिए हैं और यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि बसंत लाल की मौत के पीछे कोई साजिश तो नहीं। इस घटना ने रायबरेली में कानून-व्यवस्था और जेल प्रशासन की कार्यप्रणाली पर कई सवाल खड़े कर दिए हैं।
Created On: April 22, 2025