मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मिले पूर्व सैनिक कल्याण निगम के प्रबंध निदेशक, पूर्व सैनिकों को रोजगार और तैनाती पर हुई चर्चा
पुनीत संदेश/अंकित राठौड़
लखनऊ। उत्तर प्रदेश पूर्व सैनिक कल्याण निगम लिमिटेड के प्रबंध निदेशक मेजर जनरल शरद बिक्रम सिंह (सेवानिवृत्त) ने मंगलवार को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से शिष्टाचार भेंट की। इस दौरान समाज कल्याण विभाग के अपर मुख्य सचिव एल. वेंकटेश्वरलू भी मौजूद रहे।
सूत्रों के अनुसार इस मुलाकात के दौरान प्रबंध निदेशक ने मुख्यमंत्री से मार्गदर्शन प्राप्त किया और निगम द्वारा किए जा रहे विकास कार्यों तथा जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी। साथ ही पूर्व सैनिकों को रोजगार उपलब्ध कराने की दिशा में किए जा रहे प्रयासों पर भी चर्चा की गई।
बताया गया कि प्रदेश सरकार के प्रयासों से पूर्व सैनिकों को विभिन्न महत्वपूर्ण और संवेदनशील विभागों में रोजगार के अवसर मिल रहे हैं। उत्तर प्रदेश पूर्व सैनिक कल्याण निगम लिमिटेड द्वारा खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन (एफएसडीए), परिवहन विभाग (आरटीओ) और निबंधन कार्यालय जैसे विभागों में पूर्व सैनिकों की तैनाती की जा रही है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार एफएसडीए में अब तक 60 पूर्व सैनिकों की तैनाती की जा चुकी है, जबकि परिवहन विभाग में भी निर्धारित पदों के सापेक्ष पूर्व सैनिकों को रोजगार दिया गया है और कुल 236 पूर्व सैनिक सेवा में तैनात किए जा चुके हैं। इसके अतिरिक्त रजिस्ट्री विभाग के निबंधन कार्यालयों में 337 पूर्व सैनिकों की नियुक्ति की जा चुकी है, जबकि अन्य नियुक्तियां चरणबद्ध तरीके से जारी हैं।
इस संबंध में पुनीत संदेश के वरिष्ठ संवाददाता से बातचीत करते हुए प्रबंध निदेशक मेजर जनरल शरद बिक्रम सिंह (सेवानिवृत्त) ने बताया कि इन तीनों विभागों का सीधा संबंध आम जनता और उपभोक्ताओं से है। ऐसे में यहां पूर्व सैनिकों की तैनाती से कार्यप्रणाली में अनुशासन और दक्षता देखने को मिल रही है।
उन्होंने कहा कि पूर्व सैनिकों की कार्यशैली से न केवल आम नागरिकों को सुविधा मिल रही है, बल्कि संबंधित विभागों के अधिकारी भी उनकी कार्यकुशलता की सराहना कर रहे हैं, जो निगम के लिए किसी पारितोषिक से कम नहीं है। साथ ही उन्होंने इस पहल के लिए उत्तर प्रदेश प्रशासन के सहयोग की भी सराहना की।
---
बॉक्स: आरटीओ कार्यालयों में सुरक्षा गार्डों की तैनाती, नोएडा क्षेत्र में प्रक्रिया लगभग पूर्ण
लखनऊ/नोएडा: उत्तर प्रदेश पूर्व सैनिक कल्याण निगम लिमिटेड द्वारा विभिन्न आरटीओ कार्यालयों में सुरक्षा गार्डों की तैनाती का कार्य तेजी से किया जा रहा है। इसी क्रम में मंगलवार को आरटीओ गौतमबुद्ध नगर में 10 सुरक्षा गार्डों की तैनाती की गई।
अधिकारियों के अनुसार इस तैनाती के साथ ही आरओ नोएडा के अंतर्गत आने वाले आरटीओ कार्यालयों में सुरक्षा गार्डों की तैनाती का कार्य लगभग पूरा हो गया है। हालांकि आवंटन पत्र के अनुसार 4 सुरक्षा गार्डों को यमुना एक्सप्रेसवे पर पेट्रोलिंग के लिए आरटीओ गाजियाबाद के अंतर्गत तैनात किया जाना था, लेकिन वर्तमान में यमुना एक्सप्रेसवे की निगरानी आरटीओ गाजियाबाद द्वारा नहीं की जा रही है।
इस संबंध में आरटीओ गाजियाबाद और गौतमबुद्ध नगर के अधिकारियों के बीच समन्वय स्थापित कर समस्या का समाधान किया जा रहा है। अधिकारियों का कहना है कि इस व्यवस्था से आरटीओ कार्यालयों में सुरक्षा व्यवस्था और अधिक मजबूत होगी।
---
बॉक्स: गाजियाबाद निबंधन कार्यालयों में सेवानिवृत्त सैनिकों की तैनाती से व्यवस्था में सुधार
गाजियाबाद: गाजियाबाद के निबंधन कार्यालयों में सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने के लिए सेवानिवृत्त सैनिकों की तैनाती की गई है, जिससे वहां की व्यवस्था में उल्लेखनीय सुधार देखने को मिला है।
गाजियाबाद में तहसील सदर, लोनी और मोदीनगर क्षेत्र में कुल आठ सब-रजिस्ट्रार कार्यालय संचालित हैं, जहां जमीनों के बैनामे और विवाह पंजीकरण का कार्य किया जाता है। पहले सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम न होने के कारण लोगों को कई तरह की परेशानियों का सामना करना पड़ता था और कई बार विवाद की स्थिति भी बन जाती थी।
निबंधन भवनों में सेवानिवृत्त सैनिकों की ड्यूटी रोस्टर के अनुसार दिन और रात दोनों शिफ्टों में लगाई जा रही है, जिससे 24 घंटे सुरक्षा सुनिश्चित हो सके। इस संबंध में एआईजी स्टांप पुष्पेंद्र कुमार ने बताया कि यह व्यवस्था निबंधन कार्यालयों की सुरक्षा और अनुशासन बनाए रखने में सहायक साबित हो रही है।
तैनाती के बाद हुए प्रमुख सुधार:
निबंधन भवन के बाहर वाहनों को बेतरतीब तरीके से खड़े करने पर रोक
भीड़ प्रबंधन बेहतर होने से लोगों की परेशानी कम
निगरानी तंत्र सक्रिय होने से सफाई व्यवस्था में सुधार
भवन परिसर में अनावश्यक रूप से लोगों के रुकने पर रोक
रजिस्ट्री को लेकर होने वाले विवादों में कमी
प्रशासन का मानना है कि सेवानिवृत्त सैनिकों की तैनाती से निबंधन कार्यालयों में अनुशासन और सुरक्षा व्यवस्था और अधिक मजबूत हुई है, जिससे आम नागरिकों को राहत मिल रही है।
Created On: March 12, 2026