शाक्यमुनि बुद्ध विहार में आदर्श सामूहिक आवाह-विवाह का आयोजन, 13 जोड़े परिणय सूत्र में बंधे
पुनीत संदेश/अंकित राठौड़
लखनऊ। सरोजनी नगर क्षेत्र के मवई पड़ियाना चौराहा स्थित शाक्यमुनि बुद्ध विहार एवं भिक्षु प्रशिक्षण केंद्र में रविवार, 15 मार्च 2026 को आदर्श सामूहिक आवाह-विवाह समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का आयोजन बुद्धिस्ट सोसायटी फॉर एजुकेशन एंड सोशल वेलफेयर के अध्यक्ष भिक्षु शील रतन तथा कुशवाहा महासभा लखनऊ के अध्यक्ष माननीय मूलचंद कुशवाहा के संयुक्त सहयोग से संपन्न हुआ।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में पूर्व केंद्रीय मंत्री एवं पूर्व सांसद कौशल किशोर उपस्थित रहे। वहीं विशिष्ट अतिथियों में उत्तर प्रदेश राज्य निर्माण सहकारी संघ के राज्यमंत्री प्रेम सिंह शाक्य, सदस्य विधान परिषद रामचंद्र प्रधान, लखनऊ भाजपा अध्यक्ष विजय मौर्य तथा खंड शिक्षा अधिकारी पदम शेखर मौर्य शामिल रहे।
आयोजकों ने बताया कि संस्था द्वारा गरीब और असहाय परिवारों की सहायता के उद्देश्य से यह सामूहिक आवाह-विवाह कार्यक्रम प्रतिवर्ष आयोजित किया जाता है। इस वर्ष आयोजित समारोह में 13 जोड़े परिणय सूत्र में बंधे।
इन जोड़ों में जितेंद्र कुमार–आंचल देवी, बिंदेश कुमार–राखी देवी, आकाश मौर्य–राधा मौर्य, अमित कुमार सिंह–बेबी रानी, शिव प्रकाश–नंदिनी, रामबाबू–काजल, गुड्डू कुशवाहा–शिवानी कुशवाहा, राम शंकर–अंजलि, रितिक कुमार–रौली, धीरज–ज्योति, सूरज कुमार–रुचि, दुर्गा प्रसाद–प्रिया और मनीष–सुमन कुमारी शामिल रहे।
संस्था की ओर से प्रत्येक नवविवाहित जोड़े को गृहस्थी की शुरुआत के लिए एक अलमारी, एक बक्सा, एक बेड, एक गद्दा, दो तकिया, चादर और पानी की टंकी सहित अन्य आवश्यक सामान भेंट किया गया। कार्यक्रम में आए सभी अतिथियों और लोगों के लिए भोजन, मिठाई और पेयजल की भी व्यवस्था की गई।
Created On: March 15, 2026