उप जिला अधिकारी ने प्राथमिक स्वास्थ्य सुमेरपुर का किया औचक निरीक्षण
साफ सफाई व अन्य व्यवस्थाओं को लेकर दिए निर्देश
पुनीत संदेश/संदीप कुमार मिश्र
पाटन,उन्नाव। उप जिलाधिकारी रणवीर सिंह ने शनिवार को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र सुमेरपुर का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान अस्पताल में व्याप्त अव्यवस्थाओं पर उन्होंने नाराजगी जताई और डॉक्टरों व कर्मचारियों को समय से उपस्थित रहने तथा स्वच्छता बनाए रखने के निर्देश दिए।सुबह निर्धारित समय से पहले पहुंचे उप जिलाधिकारी को ओपीडी बंद मिली। उन्होंने दवा स्टॉक रजिस्टर और मरीजों के पंजीकरण रजिस्टर का निरीक्षण किया। साथ ही, अस्पताल परिसर में फैली गंदगी को लेकर गहरी नाराजगी जताते हुए तत्काल सफाई व्यवस्था दुरुस्त करने के निर्देश दिए। उन्होंने चेतावनी दी कि भविष्य में ऐसी लापरवाही पाई गई तो संबंधित अधिकारियों व कर्मचारियों पर सख्त कार्रवाई होगी।निरीक्षण के दौरान उप जिलाधिकारी ने जच्चा-बच्चा केंद्र का भी निरीक्षण किया। उन्होंने वहां जन्मे नवजात शिशुओं का वजन और अन्य स्वास्थ्य संबंधी जानकारियां लीं। एएनएम से जच्चा-बच्चा की देखभाल और पौष्टिक आहार की आपूर्ति को लेकर चर्चा की और निर्देश दिया कि महिलाओं को समय पर उचित पोषण उपलब्ध कराया जाए।स्थानीय लोगों ने स्वास्थ्य केंद्र की बदहाल स्थिति पर प्रशासन से सुधार की मांग की। उप जिलाधिकारी ने अस्पताल प्रशासन को स्वास्थ्य सेवाओं में सुधार लाने के निर्देश देते हुए कहा कि मरीजों को किसी भी तरह की परेशानी नहीं होनी चाहिए।
Created On: March 03, 2025