पुलिस व वन विभाग की हीलाहवाली से काटे गए बौर से लदे आम के पेड़
पुनीत संदेश
नीलम सरोज। बाघ पकड़ने में फेल वन विभाग इलाके में अवैध कटान को रोकने में भी नाकाम है। बेखौफ ठेकेदार पुलिस व वन विभाग से सांठगांठ कर बौर से लदे दो दर्जन से अधिक आम के पेड़ों को काट डाला है । ग्रामीणो की शिकायत पर ठेकेदार कटी हुई लकड़ी को बाग़ में ही छोड़ कर फरार हो गए। पुलिस अवैध कटान का ठीकरा वन विभाग पर फोड़ता है। जबकि पुलिस इलाके में गश्त लगाने की दम भरती रहती है।
पलिया गांव में मंगलवार रात में बेखौफ लकड़ी ठेकेदारो ने वन विभाग व पुलिस से मिलकर बौर से लदे आम के पेड़ों पर आरा चलाया। बाग़ में करीब 32 आम के पेड़ है। जो बौर से लदे हुए थे। बेखौफ ठेकेदारों ने रात भर आम के पेड़ों पर आरा चलाया। करीब 20 आम के पेड़ काट डाला ।जबकि 12 पेड़ो की शाखाएं कटी हुई है। ग्रामीणो ने बताया कि इन पेड़ों को काटने की भी तैयारी थी ।लेकिन सुबह हो जाने की वजह से इन पेड़ों की कटान नही हो सकी। ग्रामीणो ने बताया कि ठेकेदार रात में कटान करते है जबकि पुलिस रात में मौके पर आकर चली जाती है। कटान रोकने के लिये नही कहती है। जिससे ठेकेदारों के हौसले बुलंद है। आम की बाग सैद पुर गांव निवासी कुरैश की है। बाग़ में प्लाटिंग के लिए अवैध कटान कराई जा रही है।
दुबग्गा वन रेंजर सोनम दीक्षित ने बताया कि पालिया गांव में अवैध कटान हुई है। बाग़ मालिक कुरैश व ठेकेदार संजय यादव ,भद्र पाल ,अमित लोधी व एक अन्य ठेकेदार के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया जा रहा है।
अंधे की चौकी पुलिस प्रभारी तेज कुमार शुक्ला ने बताया कि अवैध कटान की जानकारी नही है। मंगल रात पुलिस चौकी पर किसी भी पुलिस कर्मी की ड्यूटी नही थी।
Created On: February 26, 2025