बीएनए रंगमंडल के कलाकार चंडीगढ़ में अपनी प्रतिभा का करेंगे प्रदर्शन
8 को ‘कर्ण गाथा’ और 9 मार्च को ‘निर्माण से निर्वाण’ तक का होगा मंचन
पुनीत संदेश/अंकित राठौड़
लखनऊ। 03 मार्च, 2025।
भारतेंदु नाट्य अकादमी, लखनऊ (संस्कृति विभाग, उत्तर प्रदेश) रंगमंडल के कलाकार आगामी 8-9 मार्च को चंडीगढ़ में आठ दिवसीय ‘रंग प्रयोग नाट्य’ समारोह में अपनी कला का प्रदर्शन करेंगे। चंडीगढ़ संगीत नाटक अकादमी के टैगोर थियेटर में 8 मार्च को ‘कर्ण गाथा’ और 9 मार्च को ‘निर्माण से निर्वाण’ तक का मंचन किया जाएगा।
भारतेंदु नाट्य अकादमी, लखनऊ रंगमंडल की प्रमुख निर्मला जे चंद्रा ने बताया कि रंगमंडल का दल 6 मार्च को चंडीगढ़ के लिए रवाना होगा। इस दल में कुल 28 सदस्य हैं, जिनमें 20 कलाकार शामिल हैं। उन्होंने बताया कि 8 मार्च को ‘कर्ण गाथा’ का मंचन होगा, जो गुरुदेव रवीन्द्रनाथ ठाकुर के कर्ण कुंती संवाद से प्रेरित है। इस नाटक में शिवाजी सावत के मृत्युंजय और रामधारी सिंह दिनकर की रश्मिरथी के संदर्भों को भी जोड़ा गया है। समसामयिकता को ध्यान में रखते हुए, अज्ञेय की कविताओं का समावेश भी किया गया है। वहीं, 9 मार्च को बिजय मिश्र के नाटक तट निरंजना पर आधारित ‘निर्माण से निर्वाण’ तक का मंचन किया जाएगा।
भारतेंदु नाट्य अकादमी, लखनऊ के निदेशक बिपिन कुमार ने बताया कि रंगमंडल के कलाकार चंडीगढ़ में दो नाटकों के मंचन के बाद 25 मार्च को भुवनेश्वर (उड़ीसा) और 27 मार्च को कोलकाता (पश्चिम बंगाल) में नाटक का मंचन करेंगे।
उत्तर प्रदेश के संस्कृति और पर्यटन मंत्री जयवीर सिंह ने अपने संदेश में बताया कि भारतेंदु नाट्य अकादमी, लखनऊ रंगमंडल के कलाकार अपनी कला से देशभर में संस्कृति के आदान-प्रदान में योगदान दे रहे हैं। हम उम्मीद करते हैं कि ये नाटक दर्शकों को गहरी सोच और प्रेरणा प्रदान करेंगे।
बाक्स
शामली में सात और जौनपुर में 10 मार्च से शुरू होगा महोत्सव
महोत्सव में कला-संस्कृति के साथ पर्यटकों के लिए होंगे कई आकर्षण-जयवीर सिंह
पुनीत संदेश
लखनऊ: 03 मार्च, 2025
उत्तर प्रदेश पर्यटन विभाग की ओर से शामली और जौनपुर में भव्य महोत्सव का आयोजन होने जा रहा है। शामली महोत्सव का आगाज 07 मार्च को होगा, जो 10 मार्च तक चलेगा। इसी तरह जौनपुर महोत्सव का भव्य आयोजन 10 से 12 मार्च तक होगा। इन महोत्सवों में कला-संस्कृति के साथ-साथ पर्यटकों के लिए विशेष आकर्षण होंगे। यह जानकारी उप्र. के पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री जयवीर सिंह ने दी।
मंत्री जयवीर सिंह ने बताया कि शामली जिले में 07 से 10 मार्च तक वी.वी. पीजी कॉलेज के प्रांगण में भव्य महोत्सव का आयोजन किया जाएगा, जिसमें आगंतुक स्वादिष्ट व्यंजन, खेल, मनोरंजन, सांस्कृतिक प्रस्तुतियों आदि का आनंद ले सकेंगे। हस्तशिल्प उत्पादों की विस्तृत श्रृंखला प्रस्तुत की जाएगी। शामली महोत्सव में स्कूली बच्चों के कार्यक्रम, लेजर शो, कवि सम्मेलन आदि विशेष आकर्षण होंगे।
पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री जयवीर सिंह ने बताया कि जौनपुर के शाही किले में जौनपुर महोत्सव का भव्य आयोजन किया जाएगा। इसकी तैयारियां भी अंतिम चरण में हैं। यहां सांस्कृतिक कार्यक्रम, कवि सम्मेलन, सामूहिक विवाह तथा पर्यटकों के लिए विशेष आयोजन होंगे। उन्होंने कहा, उत्तर प्रदेश पर्यटन के क्षेत्र में तेजी से विकास करने वाला राज्य है। धार्मिक-आध्यात्मिक और प्राकृतिक पर्यटन के साथ यहां की संस्कृति, हस्तशिल्प कला, व्यंजन आदि खूब लुभाते हैं। हमारा प्रयास है कि राज्य की इन विरासतों को बढ़ावा मिले और देश-दुनिया से आने वाले पर्यटकों को इसका लाभ मिले।
Created On: March 04, 2025