उत्तर प्रदेश में भाजपा सरकार के सफलतम 8 वर्ष पूर्ण, मुख्यमंत्री योगी को बधाई
पुनीत संदेश/संदीप सिंह चौहान
लखनऊ, 24 मार्च 2025: उत्तर प्रदेश में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) सरकार के सफलतापूर्वक आठ वर्ष पूर्ण होने पर प्रदेश भाजपा अध्यक्ष श्री भूपेन्द्र सिंह चौधरी एवं प्रदेश महामंत्री (संगठन) श्री धर्मपाल सिंह ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को बधाई दी है। उन्होंने कहा कि सरकार ने सबका साथ-सबका विकास की नीति और अपराध पर जीरो टॉलरेंस के संकल्प के साथ प्रदेश को सुशासन और सुरक्षा की नई दिशा दी है।
प्रदेश भाजपा अध्यक्ष श्री भूपेन्द्र सिंह चौधरी ने कहा कि वर्ष 2017 में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश में एक नए युग का आरंभ हुआ। बीते आठ वर्षों में सरकार ने सुरक्षा, सुशासन और विकास को प्राथमिकता दी, जिससे प्रदेश के नागरिकों के जीवन में सकारात्मक बदलाव आया है।
आपराधिक तत्वों पर सख्ती, निवेश को बढ़ावा
श्री चौधरी ने कहा कि प्रदेश सरकार की जीरो टॉलरेंस नीति के चलते अपराध एवं अपराधियों पर सख्त कार्रवाई हुई, जिससे महिलाओं, युवाओं, व्यापारियों और किसानों को सुरक्षा की गारंटी मिली है। भयमुक्त वातावरण में रिफॉर्म, परफॉर्म और ट्रांसफॉर्म की नीति के तहत निवेश बढ़ा, जिससे प्रदेश के युवाओं को रोजगार के नए अवसर मिले।
किसानों और महिलाओं के उत्थान पर जोर
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने बताया कि सरकार की योजनाएं किसानों को समर्पित रही हैं। गन्ना किसानों को समय पर भुगतान मिलने से उनकी आर्थिक स्थिति मजबूत हुई है। हर खेत को पानी संकल्प के तहत सरकार तेजी से काम कर रही है। साथ ही, सशक्त नारी-समृद्ध समाज की अवधारणा को भी मजबूती मिली है।
शिक्षा, सुरक्षा और स्वास्थ्य में सुधार
प्रदेश सरकार ने शिक्षा, सुरक्षा, चिकित्सा और खाद्यान्न की प्रतिबद्धता के साथ कार्य किया है। भाजपा सरकार पंडित दीनदयाल उपाध्याय के अन्त्योदय सिद्धांत को साकार करते हुए समाज के अंतिम व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुंचा रही है।
प्रदेश भाजपा ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और उनकी पूरी टीम को उत्तर प्रदेश के उत्कर्ष के आठ वर्ष पूर्ण होने पर शुभकामनाएं दी हैं।
Created On: March 25, 2025